जमशेदपुर: जेवियर पब्लिक स्कूल, डोरकासाई में 29 नवंबर, 2026 (रविवार) को शिशु मेले का भव्य आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस (बाल दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया.कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की शिक्षिका अनु कुमारी के स्वागत भाषण से हुई. इसके पश्चात तिलक लगाकर अतिथियों के स्वागत की प्रक्रिया शुरू करने से पहले विद्यालय के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय सुनील सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया.आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य हिरणमय दास थे. उनके ओजस्वी एवं प्रेरणादायक संबोधन ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
अन्य अतिथियों में हाथीबिंदा पंचायत के मुखिया कृष्णा मुंडा, डोमजुड़ी पंचायत की मुखिया श्रीमती अनीता मुंडा, स्कूल प्रबंधन समिति की चेयरपर्सन श्रीमती निभा सिंह, विद्यालय के ग्रुप डायरेक्टर राज आर्यन, जेवियर पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर की डायरेक्टर श्रीमती रूपा महतो एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.सभी अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया.शिशु मेले में अभिभावकों एवं आगंतुकों की भीड़ उमड़ी. लगभग 3000 लोगों की उपस्थिति ने मेले की भव्यता को और भी बढ़ा दिया. बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और अन्य आगंतुकों ने भी मेले का भरपूर आनंद उठाया. पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला..(नीचे भी पढ़े)
छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस एवं ट्रैम्पोलिन की व्यवस्था की गई थी, जहां बच्चों ने खूब उछल-कूद मचाई और आनंद लिया. बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष रूप से डीजे की व्यवस्था भी की गई थी. कक्षा केजी से 12 तक के विद्यार्थियों ने संगीत की धुन पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए.ऐसा कहा जाता है कि आजकल के बच्चे रसोईघर से अपने आप को कोसों दूर रखते हैं, किंतु जेवियर के बच्चों ने लोगों की इस धारणा को गलत साबित कर दिया. उनके द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का लोगों ने खूब आनंद उठाया. सभी स्टॉलों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली. आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के अलावा वास्तविक जीवन से परिचित कराना भी था, ताकि वे अपने दायित्वों को समझें तथा जीवन में आत्मनिर्भर बनने के गुण सीख सकें. इस प्रकार के आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सहयोग एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देते हैं.कुल मिलाकर, लगभग 3000 लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों और अभिभावकों के भरपूर सहयोग से शिशु मेला अत्यंत सफल एवं यादगार रहा.











