सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डांगोड़डी मैं रविवार दोपहर हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गोलीकांड के मुख्य आरोपी शेख अयान उर्फ अयान बच्चा को लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि रविवार दोपहर कपाली में हुई गोलीबारी में फैयाज आलम उर्फ पिजू घायल हो गया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने मोर्चा संभाला और आरोपी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप महज चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी शेख अयान उर्फ अयान बच्चा को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से लोडेड पिस्टल भी बरामद की गई है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. गोलीबारी के पीछे की वजह, बरामद पिस्टल का घटना से संबंध और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता सहित विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है. दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल था. हालांकि, मुख्य आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के बाद कपाली पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है. पुलिस जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा कर सकती है.











