
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है. सहायक सचिव नितेश राज ने एक अखबार से बातचीत में साफ किया है कि वे किसी भी हाल में आर रवि प्रसाद की जगह शैलेश सिंह को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर चुनाव में नहीं जायेंगे. इसके बाद रवि प्रसाद गुट में सनसनी फैल गयी है. इस बयान के ठीक बाद बुधवार को टाटा वर्कर्स यूनियन की चुनावी सरगर्मी के बीच इंटक के राष्ट्रीय सचिव एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय खां यूनियन कार्यालय पहुंचे और सहायक सचिव एवं राष्ट्रीय महासचिव यूथ इंटक नितेश राज से मिले. नितेश राज के कार्यालय में उन्होंने नितेश राज और उनके समर्थकों को आश्वासन दिया कि यूनियन चुनाव में अच्छी से अच्छी टीम को चुनने के लिए वे टाटा वर्कर्स यूनियन के साथ खड़े हैं. विजय खां ने बताया कि कैसे उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर के रूप में अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी और उस समय के संघर्ष को लेकर भी उन्होंने चर्चा की. नितेश राज के कार्यालय में उपस्थित समर्थकों ने उनका स्वागत किया. तमाम लोगों ने विजय खां का शुक्रिया अदा किया. उनके आशीर्वाद से उनकी टीम और मजबूत होगी. इस दौरान सीएसपी सिंह, राजेश कुमार, अतुल सिंह, जितेंद्र कुमार समेत अन्य उपस्थित थे. इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो चुकी है.











