
जमशेदपुर : जमशेदपुर को वैसे तो मजदूरों का शहर कहा जाता है और यहां रक्तदान शिविर आयोजित होता रहता है. लेकिन टेल्को क्षेत्र में टाटा मोटर्स की अधीकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने रक्तदान में सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया. एक शिविर में 1117 रक्तदान कराकर इन लोगों ने अपनी मजदूरों और समाज में पकड़ को दिखाया तो मजदूरों ने यह साबित कर दिया कि वे लोग सिर्फ पसीना नहीं बल्कि खून से भी देश की सेवा कर सकते है. टाटा मोटर्स प्रांगण में स्थित ब्लड बैंक में टाटा मोटर्स यूनियन द्वारा आयोजित मजदूर नेता स्वर्गीय गोपेश्वर लाल दास के जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में कई लोग रक्तदान नहीं कर सके थे. ऐसे लोगों मे बुधवार को रक्तदान किया. इस रक्तदान कार्यक्रम में मजदूरों का उत्साह बहुत ही ज्यादा था. रक्तदान के कार्यक्रम में प्रोत्साहन बढ़ाने के लिए आइआर हेड दीपक कुमार एवं अन्य डिवीजन के भी वरीय पदाधिकारी समय-समय पर आते रहे. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के माध्यम से कुल 1117 यूनिट रक्तदान किया गया. यह कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चला. यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने अंत में कहा कि स्वर्गीय गोपेश्वर की याद में जो हम लोगों ने यह रक्तदान शिविर रखा और कोरोना काल के बाद मुझे लगता है जमशेदपुर में यह सबसे बड़ी संख्या में रक्तदान हुई है. इसके लिए मैं सभी कर्मचारी स्थायी, अस्थाई, कैजुअल, ठेकेदार मजदूर, महिला साथी एवं बाहरी साथी जिन्होंने अपना रक्तदान किया, उनको बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं. साथ ही साथ पूरे आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देता हुं. अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने इस विशाल रक्तदान शिविर को हर साल आयोजित करने का घोषणा किया और आशा की कि आने वाले वर्षों में इससे भी बेहतर और अधिक संख्या में हम लोग रक्तदान करेंगे.



