
जमशेदपुर : जमशेदपुर के लिए एक अनूठा उत्सव थर्ड मार्च (3rd march) यानी टाटा स्टील और जमशेदपुर के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा का जन्मदिवस समारोह इस बार फींका रहेगा. कोरोना संक्रमण से पूरी तरह अब तक देश ऊबर नहीं पाया है. जमशेदपुर में भी एक्टिव केस 50 के पार है और हर दिन कुछ न कुछ नये केस आ ही रहे है. वैसे जमशेदजी नसरवानजी टाटा का जन्मदिवस समारोह का संक्षिप्त आयोजन टाटा स्टील कर सकती है. इसको लेकर तैयारी की जा रही है. वैसे टाटा स्टील के अधिकारियों की आंतरिक बैठक बुलायी गयी है, जिसमें एक या दो दिनों में यह फैसला कंपनी ले लेगी कि आखिर क्या करना है. वैसे जुबिली पार्क में वैसी व्यवस्था नहीं रहेगी, जैसा हर साल होता है क्योंकि कोरोना का संक्रमण फैल सकता है. हर साल जुबिली पार्क में काफी ज्यादा भीड़ रहती है. लाइटिंग लगायी जाती है जबकि प्रदर्शनी भी लगती है. लेकिन इस साल ऐसा कुछ नहीं होना है. नाम मात्र की लाइटिंग लगाकर खुशियों का इजहार किया जा सकता है. इसको लेकर लगभग तैयारी कर ली गयी है. कंपनी के मुख्य गेट में जुलूस और प्रदर्शनी लगायी जाती है. इस बार कोरोना काल के दौरान किस तरह से इसका आयोजन होगा, इसको लेकर फैसला लिया जा रहा है. वैसे 26 जनवरी तक कंपनी ने गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन वर्चुअल तरीके से ही किया है. ऑनलाइन सारी व्यवस्था हुई है. ऐसे में 3 मार्च को क्या होगा, यह एक से दो दिनों में साफ हो जायेगा. वैसे अगर लाइटिंग का वृहद व्यवस्था होता तो अभी से ही कर्मचारियों का आगमन हो गया होता और लाइटिंग सजने की प्रक्रिया शुरू हो गयी होती, लेकिन अभी ऐसा संभव नहीं हो पाया है. ऐसे में क्या करना है, इसको लेकर संशय की स्थिति है.






