
Chakuliya : चाकुलिया प्रखंड की कालापाथर पंचायत के बागडीहा गांव में देर रात हाथियों के दल ने प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने खाने की तलाश में गांव के तीन घरों को तोड़ दिया. इससे ग्रामीणों में वन विभाग के पदाधिकारीयों के खिलाफ रोष है. हाथियों के दल ने बीती रात स्व राजो गोप, बादल घाटवारी व धरमा गोप के घर की दीवार को तोड़ दिया. हाथियों द्वारा घर की दीवार तोड़े जाने से स्व राजो गोप के घर में दीवार के नीचे दब कर दो बैलों की मौत हो गयी. वहीं परिवार को भारी नुकसान हुआ है. अन्य दो परिवार आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं. सूचना पाकर जिप सदस्य सह भाजपा कार्यकर्ता शिवचरण हांसदा गांव पहुंचे व क्षतिपूर्ति का आकलन किया. श्री हांसदा ने घटना की सूचना रेंजर को दूरभाष पर देकर आश्रित परिवार को सरकारी मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है. श्री हांसदा ने रेंजर से कहा कि गांव से सटे जंगल में हाथियों का झुंड रहने से ग्रामीण दहशत में हैं. विभाग द्वारा हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए पहल करने की उन्होंने मांग की है.
तीनों परिवार के सदस्यों ने भाग कर बचाई जान : बीती रात बागडीहा गांव में हाथियों के दल ने गांव में प्रवेश कर तीन घरों को तोड़ दिया. रात में तीनों ही परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे सभी रात में खाना खाने के बाद सोये हुए थे. तभी रात में दीवार गिरने की आवाज आयी. नींद खुलने पर हाथी की आवाज सुनाई पड़ी, तो उन्होंने सभी घर के पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचायी. उन्होंने बताया कि सभी ने रात भर बाहर रहकर जान बचायी है.



