
जमशेदपुर : टाटा स्टील और जमशेदपुर के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा के जन्म दिवस समारोह में शामिल होने के लिए टाटा संस के पूर्व (एमिरेट्स) चेयरमैन रतन टाटा और वर्तमान चेयरमैन एन चंद्रशेखरन जमशेदपुर पहुंच गए. काफी अरसे के बाद रतन टाटा इस बार जमशेदजी टाटा के जन्म दिवस समारोह में शामिल होने के लिए जमशेदपुर आए हैं. जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने पर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने स्वागत किया. यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच रतन टाटा और एन चंद्रशेखरन को टाटा स्टील के डायरेक्टर्स बंगला में ले जाया गया. (नीचे और खबरें पढ़े)

मंगलवार की दोपहर करीब 2:30 बजे वे लोग जमशेदपुर के तार कंपनी एरिया में बनाए गए नवल टाटा हॉकी एकेडमी का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद शाम को जुबली पार्क में लगे लाइटिंग को देखेंगे और उद्घाटन भी करेंगे. 3 मार्च को संस्थापक दिवस समारोह में वे पहले टाटा स्टील के मेन गेट पर जाएंगे. 3 मार्च की सुबह 7 बजे जमशेदपुर टाटा मोटर्स प्लांट में रतन टाटा और एन चंद्रशेखरन जाएंगे जिसके बाद वे लोग टाटा स्टील के मेन गेट के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उसके बाद बिष्टुपुर पोस्टल पार्क में लोगों को संबोधित करेंगे. टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और रतन टाटा बिष्टुपुर स्थित टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय भी 3 मार्च को सुबह करीब 10:00 बजे जाएंगे. वहां यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों से भी उनकी मुलाकात तय की गई है. इसके बाद दोनों महानुभाव चार्टर्ड विमान से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे. रतन टाटा और एन चंद्रशेखरन के आगमन को लेकर जमशेदपुर में काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.











