
आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज तीन स्थित स्विफ्ट स्ट्रिप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा प्रदूषण मानकों का बड़े पैमाने पर उल्लंघन किया जा रहा है. आसपास के इलाकों के लोगों का कम्पनी के प्रदूषण से बुरा हाल है. वैसे तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ऐसे कम्पनियों पर नकेल कसने का दावा करती है, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर प्रदूषण मानकों का उल्लंघन विभागीय लापरवाही और कंपनी प्रबंधन के मनमानी को साफ तौर पर दर्शाता है. गौरतलब है कि कंपनी व आसपास के इलाके में आदिवासियों की घनी आबादी निवास करती है. ऐसे में साफ प्रतीत होता है, कि कंपनी चलाने के लिए कंपनी मालिक प्रदूषण मानकों को किसी भी हद तक ताक पर रखकर अपना कारोबार चलाते हैं, और विभाग बस कागजों पर बगैर जमीनी हकीकत की जांच किए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर देते हैं.
वहीं इस संबंध में प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि उन्हें इतने बड़े पैमाने पर प्रदूषण फैलने की जानकारी नहीं है जल्द ही जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उधर कंपनी प्रबंधन ने इस मामले पर सीधे तौर पर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया. फोन पर बस इतना ही कहा कि कंपनी में प्रदूषण मानकों का पूरा पालन किया जा रहा है. किसी प्रकार का प्रदूषण कंपनी से नहीं फैल रहा है. वैसे तस्वीरों को देखकर आप भी समझ सकते हैं कि कंपनी में प्रदूषण को फैलने से रोकने वाले सारे यंत्र निष्क्रिय हो चुके हैं, और कंपनी से निकलने वाला हानिकारक धुआं वातावरण में फैल रहा है, जिसे न आप इंकार कर सकते हैं ना हम.











