
आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां के आदित्यपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में अग्निशमन विभाग आदित्यपुर के सहयोग से फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं स्टाफ को अग्निकांड जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है. इस कार्यक्रम का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर एल्बर्ट टिग्गा एवं लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार ने किया. उनकी टीम ने अत्यंत कुशलता एवं प्रभावशाली ढंग से प्रशिक्षण प्रदान किया. (नीचे भी पढ़ें)

मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने के संभावित कारण, आग से बचाव एवं प्राथमिक उपाय, आपातकालीन सावधानियां एवं रेस्क्यू प्रक्रिया एवं निकासी मार्ग का प्रशिक्षण दिया गया. छात्रों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को व्यवहारिक रूप से समझा. स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रधानाचार्य रामा शंकर सिंह ने दोनों अधिकारियों और उनकी टीम का आभार प्रकट किया तथा कहा कि “इस प्रकार की प्रशिक्षण गतिविधियां विद्यालय समुदाय को न केवल जागरूक बनाती हैं, बल्कि जीवन रक्षक उपायों से भी परिचित कराती हैं. हम भविष्य में भी ऐसे सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे. ” विद्यालय प्रबंधन द्वारा अग्निशमन विभाग के इस सहयोग को अत्यंत सराहनीय बताया गया.











