जमशेदपुर/आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस दौरान हुई चाकूबाजी में शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, शेखर आदित्यपुर में शंभू सिंह के पूजा पंडाल में काम कर रहा था. इसी दौरान वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना हो गई. इस हमले में शेखर समेत चार लोग घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल शेखर को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)

विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और चाकूबाजी के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी.





