जमशेदपुर : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को गोलमुरी स्थित पुलिस केंद्र में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ एहतेशाम वकारिब ने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया गया. इस अवसर पर एसएसपी ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को फल, पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया. उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए उनके त्याग को याद किया. (नीचे भी पढ़ें)

शहीदों का बलिदान हमेशा रहेगा याद : पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है. यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के साहस और बलिदान की याद दिलाता है. पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गोलमुरी पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया. साथ ही यह संदेश दिया गया कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा.





