आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर के समाज के पुरोंधा, कुशल इंजीनियर, गायत्री शिक्षा निकेतन विद्यालय आदित्यपुर व सिमरी बख्तियारपुर के संस्थापक, समाजसेवी सहृदय महान शिक्षाविद इंजीनियर योगेंद्र प्रसाद यादव (वाईपी यादव) का 78 वर्ष की उम्र में बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही आदित्यपुर में शोक की लहर दौड़ पड़ी. वे अपने पीछे 2 पुत्र वधू एवं पोता-पोती को छोड़ गए हैं. बड़ा पुत्र इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु एवं छोटा पुत्र डॉक्टर ओपी आनंद हैं. स्वर्गीय यादव का जन्म बिहार के सहरसा जिले के खमौती गांव के एक मध्यम वर्गीय परिवार में 1 जनवरी 1945 को हुआ था. बाल्यावस्था से ही वे जीवट थे. वे जमशेदपुर के टायो कंपनी में ख्याति प्राप्त इंजीनियर रहे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने 5 सितंबर 1993 को 7 बच्चों से गायत्री शिक्षा निकेतन आदित्यपुर विद्यालय की स्थापना की. जिसमें इनको काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा परंतु वे जीवट प्राणी थे. भिन्न- भिन्न कठिनाइयों का सामना करते हुए आज गायत्री शिक्षा निकेतन आदित्यपुर सीबीएसई प्लस टू स्कूल तथा सिमरी बख्तियारपुर बिहार में लब्ध प्रतिष्ठित सीबीएसई स्कूल स्थापित कर शिक्षा के प्रति अपने अनुपम योगदान से समाज को प्रतिष्ठित किए तथा अनेकों परिवारों को रोजगार के साथ शिक्षा मुहैया कराते रहे. शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया. उनके निधन की खबर मिलते ही समाज के गणमान्य लोग आदित्यपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया.












