गम्हरिया : टायो कॉलोनी के क्वार्टर ए-111 से ए-120 तक के निवासियों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, इन परिवारों ने सुरक्षा कारणों से अपने पुराने क्षतिग्रस्त क्वार्टरों को छोड़कर अस्थायी रूप से इन खाली पड़े क्वार्टरों में शिफ्ट होने का निर्णय लिया था, लेकिन शिफ्ट होने के बाद से अब तक उक्त क्वार्टरों में बिजली-पानी की व्यवस्था बहाल नहीं हो पाई है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि उक्त क्वार्टरों में रहनेवाले लोगों ने मंगलवार को गम्हरिया के सीओ से मिलकर उनसे न्याय की गुहार लगाई है. निवासियों ने बताया कि पुराने क्वार्टरों एफ-299, एफ-293, एफ-302, एफ-312, एच-17, एफ-116, एफ-16, एफ-289, एफ-268, एफ-311 में दीवारों में गंभीर दरारें आ गई थीं, जिससे रहने में खतरा था. ऐसे में परिवार की सुरक्षा के मद्देनजर ए-सीरीज के क्वार्टरों में अस्थायी निवास का विकल्प चुना गया, जिसकी सूचना पूर्व में ही प्रबंधन को दे दी गई थी. लेकिन कई दिन के इंतजार के बाद भी उनमें बिजली और पानी की सुविधा बहाल नहीं हो पाई है. लोगों का कहना है कि यह उनके जीवन के न्यूनतम अधिकार और मानवीय मूल्यों का उल्लंघन है. उन्होंने प्रबंधन से शीघ्र बिजली व जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है ताकि बिना किसी असुविधा के सुरक्षित रूप से निवास कर सकें.











