
घाटशिला : अनुमंडल पदाधिकारी अमर कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को कोविड-19 के प्रसार की रोकथाम के लिए प्रशासन सड़क पर उतरा. सड़क पर हर आने-जाने वाले लोगों को कोरोना से बचने के लिए सरकार के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया. घाटशिला प्रखंड में व्यापक अभियान चलाया गया. इस दौरान काशीदा चौक, बलदेव दास संत लाल महिला कॉलेज, घाटशिला कॉलेज रोड, फूल्डूंगरी, पोस्ट ऑफिस रोड, राजस्टेट, घाटशिला मार्केट, मऊभंडार, गोपालपुर, दाहीगोरा सहित सभी बाजार वाले स्थानों में दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया. इस दौरान सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में 5 से अधिक लोग दुकान में सामान लेने के लिए खड़े नहीं रखेंगे, प्रत्येक दुकान में सैनिटाइजर और गोल घेरा अनिवार्य रूप से बनाया हुआ होना चाहिए, मास्क नहीं पहने रहने पर कोई भी दुकानदार उस ग्राहक को समान नहीं देंगे साथ ही साथ पेट्रोल पंप को भी निर्देश दिया गया कि मास्क के बिना पेट्रोल नहीं बेचेंगे इसके अलावा शारीरिक दूरी 2 मीटर का अनुपालन सभी दुकानदार अनिवार्य रूप से करें. साथ ही साथ तीनों थाना प्रभारी गालूडीह, घाटशिला, मऊ भंडार ओपी को सघन मोटरसाइकिल चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बाइक पर एक व्यक्ति और ऑटो में दो सवारी बैठाने का निर्देश दिया गया. वहीं मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध विधिसमस्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार दास, अंचलाधिकारी रिंकू कुमार समेत तीनों थाना प्रभारी उपस्थित थे.






