
जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा स्थित अंकुर पैथोलॉजी लैब में प्रशासन ने अवैध रूप से कोरोना जांच की पोल खोली थी. इस मामले में पुलिस ने अंकुर पैथोलॉजी के संचालक डॉ राजेश मोहंती को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि गिरफ्तारी के वक्त डॉ राजेश की तबीयत खराब होने के कारण टीएमएच में रखा गया था. इधर उनकी स्थिति ठीक होने के बाद शुक्रवार को एंबुलेंस से साकची क्वारंटाइन जेल लाया गया. यहां कागजी प्रक्रिया के बाद उन्हें घाघीडीह जेल ले जाया गया, जहां उनकी जांच जेल के मेडिकल सुप्रिटेंडेंट द्वारा की जाएगी. उनके आदेश के बाद ही यह तय किया जाएगा की उन्हे जेल में रखा जा सकता है या नही. बता दे कि कदमा स्थित अंकुर पैथोलॉजी लैब में पिछले साल सितंबर महीने से ही रैपिड टेस्ट के नाम पर मरीजों से 11 सौ रुपए वसूले जा रहे थे. इसकी जानकारी किसी ने जमशेदपुर के उपायुक्त को ट्वीट कर दी, जिसके बाद उपायुक्त ने एक टास्क फोर्स गठित कर मामले की जांच कराई गई थी, जहां पूरा मामला सही पाया गया. जांच कर जिला प्रशासन ने लैब को सील करने के बाद मामला दर्ज कर लेनी संचालक डॉ राजेश मोहंती को गिरफ्तार किया गया था.













