
जमशेदपुर : केंद्रीय मंत्री (आदिवासी कल्याण) अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय कार्यक्रम के तहत नागरिकता संशोधन अधिनियम के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जुगसलाई का दौरा किया एवं विभिन्न समाज के लोगों के घर जाकर नागरिकता संशोधन कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी. साथ ही इस संदर्भ में लोगों की राय जानी। श्री मुंडा ने लोगों को बताया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम देशहित में है। यह किसी को देश से निकालने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकता से वंचित लोगों को नागरिकता देने का कानून है। उन्होंने कहा कि इसके तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर आये हिन्दू, सिख, पारसी, जैन एवं बोद्ध धर्मविलम्बियों को भारत की नागरिकता देने का प्रावधान है। अब इसमें किसी को क्या दिक्कत हो सकती है। उन्होंने साफ कहा कि इसका विरोध करने वाले लोग देशहित को ताक पर रख कर महज अपनी स्वार्थ सिद्धि के लिए राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं, और लोगों को गुमराह कर रहे हैं, भय का माहौल पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में आम लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे भी अपने स्तर से जागरूकता अभियान चलायें। इस अधिनियम की बातों को पढ़ें और लोगों को भी बताएं। उन्होंने साफ कहा कि देशहित के मसले पर राजनीति नहीं होनी चहिये। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्तर पर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। इस दौरान लोगों ने उनकी बातों को सुना और आश्वस्त किया वे भी देशहित की मुहिम में उनके साथ हैं। इस दौरान जिला महामंत्री अनिल मोदी, प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, जिला कोषाध्यक्ष विमल जालान उनके साथ थे। जनसंपर्क के दौरान अर्जुन मुंडा स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बलबीर सिंह, शिलानाथ सिंह एवं अन्य के घर गए। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, सरदार मोहन सिंह, कमलजीत सिंह, हरदीप सिंह, अनमोल शर्मा, चंद्रशेखर दास, उपेंद्र चतरथ, गणेश रविदास, बलबीर कौर, गणेश रजक, विकास सिंह, सत्यनारायण मुना, नारायण सिंह, विष्णु सोनकर, रविंदर सिंह भाटिया, विमल केवल्क, लिप्पू शर्मा, डॉ अजय अग्रवाल, काली शर्मा, मुरलीधर बरनवाल, अनूप खान समेत अन्य लोग उपस्थित थे।








