
बहरागोडा : विधानसभा क्षेत्र में टेक्नो इंडिया ग्रुप अंतराष्ट्रीय स्तर का तकनीकी उच्च शिक्षा का संस्थान स्थापित करेगा। इस मसले पर कोलकाता में विधायक कुणाल षाड़ंगी और टेक्नो इंडिया ग्रूप के प्रबंध निर्देशक सत्यम राय चौधरी के साथ वार्ता हुई। विधायक ने उनसे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में निवेश करके एक तकनीकी उच्च शिक्षा का संस्थान खोलने का अाग्रह किया। विधायक ने कहा कि उनके जिले समेत पूरे झारखंड से भारी संख्या में छात्र छात्राओं का बड़े शहरों की ओर पलायन होता है। अगर इस त्रिवेणी संगम पर एक उच्च तकनीकी शिक्षा का संस्थान खोला जाय तो विद्यार्थियों को बहुत फायदा मिलेगा। सैद्धांतिक रूप से सहमति बनी कि दुर्गा पूजा के बाद टेक्नो इंडिया ग्रूप का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलकर इस क्षेत्र में इस प्रोजेक्ट के लिए ज़मीन आवंटन संबंधी आवेदन सौंपेगा और विश्वविद्यालय स्थापना करने की शर्तों के अध्ययन के बाद झारखंड सरकार के साथ एमओयू करने का प्रस्ताव देगा। टेकनो इंडिया ग्रूप और सिस्टर निवेदिता विश्वविद्यालय के प्रबंध निर्देशक सत्यम राय चौधरी ने विधायक से कहा कि झारखंड में वे पहले से ही कुछ शैक्षणिक संस्थान चला रहे हैं। बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र कृषि प्रधान होने के साथ बंगाल और ओड़िशा का सीमावर्ती इलाका है। इससे उन्हें तीनों राज्य के छात्र छात्राओं को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। बहुत जल्दी उनकी टीम वहां की संभावनाओं को तलाशने के लिए झारखंड का दौरा करेगी।



