
जमशेदपुर : बैंकिंग अमेंडमेंट बिल और बैंकों के निजीकरण के विरोध में देशभर के बैंक यूनियनों के आह्वान पर आज से 48 घंटे का बैंक स्ट्राइक शुरू हो गया है. सुबह से ही बैंक कर्मी अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर चले गए हैं. बैंक हड़ताल में देशभर के दस लाख बैंक कर्मी शामिल हुए हैं. जमशेदपुर में भी इसका असर देखा जा रहा है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से केंद्र सरकार पर मनमाने तरीके से सरकारी बैंकों को निजी हाथों में सपने की बात कहते हुए जनता से समर्थन मांगा गया है. बताया गया, कि केंद्र सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में 15 लाख रुपए हर भारतीय के खाते में देने का ऐलान किया था. इसके लिए केंद्र सरकार के निर्देश पर जनधन खाते खोले गए थे. जिसमें एक रुपए भी लोगों के खाते में नहीं पहुंचे. (नीचे पढ़ें पूरी खबर व देखे वीडियो)
दो करोड़ रोजगार देने का वायदा किया था, उल्टा वैश्विक आपदा के दौर में दो करोड़ नौकरियां चली गई. निजी बैंक मुद्रा लोन, शिक्षा लोन, हाउसिंग लोन, जन- धन योजना के तहत खाते की सुविधा प्रदान नहीं करती है, जबकि सरकारी बैंक इन सभी सुविधाओं को काफी कम ब्याज दरों पर उपलब्ध करा रही है. बैंकों का अगर निजीकरण हो गया तो, आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. वही हड़ताली बैंक कर्मियों ने साफ कर दिया है, कि अगर सरकार अपनी हठधर्मिता पर काबिज रहेगी, तो आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा. बताया गया, कि 2 दिनों के बैंक हड़ताल से अकेले कोल्हान को 24 सौ करोड़ का नुकसान होने जा रहा है. इसके लिए सीधे सीधे जिम्मेदार केंद्र सरकार और केंद्र की नीतियां है. वहीं कोल्हान में आज शाम से लगभग 300 एटीएम के भी ठप होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि यदि पीएसबी का निजीकरण किया जाता है, तो ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बैंक शाखाएं बंद हो जाएंगी और सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बनाई गई सभी सरकारी योजनाओं का कार्यान्वयन प्रभावित होगा. दो दिनों की इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बैंक कर्मचारी सफाईकर्मी से लेकर स्केल 5 तक के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैंऔर देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.
जमशेदपुर में हड़ताल का नेतृत्व स्टेट बैंक के समक्ष कॉम रिंटु रजक, पीएनबी के समक्ष कॉम आर ए सिंह, कॉम हीरा अरकने, सेंट्रल बैंक के समक्ष कॉम आरबी सहाय, कॉम केएन नायडू, यूनियन बैंक के समक्ष कॉम संजीव रेड्डी, कॉम श्रुति सरिता, कॉम अदिति प्रकाश, बैंक ऑफ बड़ौदा के समक्ष कॉम अमिताभ घोष, कॉम प्रबल टोपनो, कॉम कुलकांत हेंब्रम, बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष कॉम सत्यजीत गिरि, कॉम सत्य प्रकाश, कॉम खुशबू मुंडा, यूको बैंक में कॉम प्रेमलाल साहू ने किया.



