
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की भातकुंडा पंचायत स्थित भालुकबिंदा गांव से सटे जंगल में शनिवार की सुबह 10 हाथियों का झुंड आने से लोगों में दहशत है. विदित हो की पिछले दिनों हाथी के दल ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया था. इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ था. दोबारा गांव के जंगल में हाथियों के आने से किसान अपनी फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. वन विभाग ने वन सुरक्षा समिति के सदस्यों के बीच टॉर्च और मशाल का वितरण किया है. ग्रामीणों ने कहा कि पहले अल्पवृष्टि से किसान त्रस्त थे. किसी तरह खेती कर फसल को तैयार किया है. फसल में बाली भी निकल रही है. ऐसे मे हाथी खेत में प्रवेश कर फसल को बर्बाद कर रहे हैं. लोगों ने कहा कि हाथियों का दल दिनभर जंगल में रहता है और शाम होते ही जंगल से निकल कर गांव में हाथी प्रवेश कर उत्पात मचाने लगता है. हाथी के भय से लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है.




