जमशेदपुर : जमशेदपुर एसीबी की टीम ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर कर्मी को दबोचा है. एसीबी ने शुक्रवार को चाईबासा ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के रोकड़ पाल भवतारण सिंह (बीटी सिंह) को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा मंझारी के रोलाडीह उच्च विद्यालय के खेल मैदान में चेंजिंग रूम, गैलरी, शौचालय एवं पेयजल सुविधा मुहैया करने के लिए 12 लाख 46 हजार 700 रुपये की योजना का टेंडर निकला है. इसका काम निराकार बिरुआ को मिला था. लेकिन विशेष प्रमंडल के रोकड़पाल बीटी सिंह उसकी कार्य योजना निर्गत करने के एवज में 8 फ़ीसदी, यानी करीब 99 हजार रुपये घूस की मांग कर रहा था. उसने बताया कि उसे ऊपर तक के अधिकारियों को पैसा पहुंचाना होता है, जिसमें एक कार्यपालक अभियंता का भी जिक्र किया गया. संवेदक निराकार बिरुआ के घूस देने से इनकार करने पर रोकड़पाल ने 60 हजार रुपये की मांग की. अंत में उसने 50 हजार रुपये देने की बात कही, मगर संवेदक घूस नहीं देना चाहता था. उसने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में इसकी शिकायत कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूरे मामले की पड़ताल कर घटना को सही पाया जिसके बाद ब्यूरो ने अपना जाल बिछाया और शुक्रवार के दिन रोकड़ पाल को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ धर दबोचा. गिरफ्तार रोकड़पाल बीटी सिंह को एसीबी की टीम जमशेदपुर लाई है. बता दें कि इस साल एसीबी जमशेदपुर प्रमंडल की ओर से यह छठी कार्रवाई है. गुरुवार को एसीबी की टीम ने गम्हरिया अंचल अमीन को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोचा था. लगातार दो दिनों में दो कार्रवाई के बाद कोल्हान प्रमंडल के कर्मियों एवं पदाधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.



