
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के गोड़पारा निवासी गौरीशंकर दास की 10 वर्षीय नतनी विगत दो दिन से लापता थी. रविवार को बच्ची की शव शिल्पीमहल स्थित शिव मंदिर के पीछे कुआं से पुलिस ने बरामद किया. बच्ची के गुम होने की सूचना परिजनों ने शुक्रवार को स्थानीय थाना में दी थी. परिजनों ने बताया कि रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह दूध पहुंचाने के लिए घर से निकली थी, परंतु वापस नहीं लौटी. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, परंतु कुछ पता नही चला. शनिवार को किसी ने सूचना दी कि शिल्पीमहल के शिव मंदिर के पीछे कुआं के पास चप्पल और केन है. परिजन ने चप्पल और केन उसका होने की बात कही. शनिवार को कुआं में कांटा डालकर काफी देर तक खोजबीन की गयी, परंतु कुछ नहीं मिला. रविवार को दोबारा पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुआं में खोजबीन शुरू की. काफी मशकत करने के बाद कुआं से बच्ची का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया है.

तीन साल से बच्ची अपने नाना के घर चाकुलिया में रह रही थी
मिली जानकारी के अनुसार बच्ची विगत तीन साल से वह बच्ची अपने नाना गौरीशंकर दास के घर गोड़पारा में रह रही थी. बच्ची के पिता समीर दास और मां झुमका दास जमशेदपुर में रहते हैं. विगत एक साल से बच्ची की मां झुमका दास भी मायके में ही रह रही है.
मां बार बार हो रही थी बेहोश
कुआं से बच्ची का शव मिलने की सूचना पर बच्ची की मां घटनास्थल पहुंच कर रोने लगी. वहां पहुंची अन्य महिलायें और परिजन उसे ढांढस बांध रहे थे. फिर भी मां और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. रोते-रोते बच्ची की मां बार-बार बेहोश हो रही थी. परिवार की अन्य महिलायें उसे संभाल रही थीं. यह देख हर किसी की आंखें नम हो गईं.







