
Chakuliya : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में तड़ंगा गांव शामिल है, बावजूद इस गांव के ग्रामीण स्वच्छता से वंचित हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गांव नगर पंचायत में शामिल होने के बावजूद भी आज तक गांव में कचड़ा उठाव करने के लिए कभी भी कचड़ा वाहन नहीं पहुंचा है. वे खुद ही कचड़ा इकट्ठा करते और गांव में निर्मित गड्डा में फेंकते हैं. अन्य नगर पंचायत क्षेत्र के गांव, टोला और मुहल्ला में नपं द्वारा डोर-टू-डोर जाकर वाहन से कचड़ा संग्रह किया जाता है, परंतु तड़ंगा गांव में अबतक एक दिन भी कचड़ा वाहन नही पहुंचा है. लोगों ने कहा कि नपं द्वारा गांव में एकमात्र डस्टबीन दिया गया है वह भी टूट चुका है और सड़क किनारे गिरा गया है. विदित हो की तड़ंगा गांव नपं अध्यक्ष संध्या रानी सरदार का गांव है. जब अध्यक्ष के गांव में ही ग्रामीण स्वच्छता से वंचित हैं, तो नगर पंचायत क्षेत्र के अन्य गांवों का क्या हाल होगा. इसी से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. इस संबंध में नपं अध्यक्ष संध्या रानी सरदार ने कहा कि वह कई बार बोर्ड की बैठक में कचड़ा उठाव करने के लिए वाहन को गांव भेजने की मांग कर चुकी हैं. कर्मियों के अभाव के कारण कचड़ा उठाव करने के लिए गाड़ी गांव नहीं आ पाती है. नपं द्वारा हर घर में कचड़ा संग्रह करने के लिए प्लास्टिक की बाल्टी दी गई है. ग्रामीण कचड़ा को इकट्ठा कर सुबह गड्डा में डालते हैं.







