
मेदिनीनगर : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खलितपुर टिकरी निवासी संजय पासवान की पुत्री प्रियंका कुमारी (18) को गांव के ही यमुना सिंह, छोटू सिंह और यमुना सिंह के ड्राइवर ने दो जनवरी को लाठी डण्डे से मार-पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बारे में बताया जाता है कि दो जनवरी को संजय पासवान की पुत्री अपने मवेशी को लेकर घर जा रही थी। उसी दौरान प्रियंका के हाथ से मवेशी छूट कर यमुना सिंह के खेत मे चली गयी। यमुना सिंह ने मवेशी को अपने खेत मे चरते हुए देख लिया और प्रियंका को मारने के लिए दौड़ाया प्रियंका अपने आप को बचने के लिए घर मे चली गयी। लेकिन यमुना सिंह अपने घर के लोगों के साथ लाठी डंडे लेकर घर मे घुस गया और वे सभी प्रियंका को मारने-पीटने लगे। वे उसे तब तक पीटते रहे जबतक कि वह बेहोश नहीं हो गयी। इसके बाद प्रियंका को परिजनों ने मेदिनीनगर सदर अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद भी प्रियंका की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। घटना के बाद प्रियंका के परिजनों ने सदर थाना के एसटी थाना में इस मामले से सम्बंधित एफआईआर दर्ज करायी है। परिजनों ने हुसैनाबाद थाना में भी मारपीट से संबंधित मामला दर्ज कराया है, लेकिन हुसैनाबाद पुलिस अभी तक मौन बैठी है।







