जमशेदपुर : जमशेदपुर में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षा जल्द ही शुरू होने वाली है. इसके लिए 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने तैयारी भी शुरू कर दी है. इस वर्ष जैक, सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षा में कुल 66 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे. जिसके लिए स्कूलों ने परीक्षा की तैयारी को लेकर अपनी कमर कस ली है. वहीं काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनएशन (सीआईएससीई) ने 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा 2023 के लिए टाइम टेबल बहुत पहले ही जारी कर दी है. इसके मुताबिक आईसीएसई यानी 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 27 फरवरी 2023 से शुरू होगी जो 29 मार्च 2023 को खत्म होगी. वहीं आईएससी यानी 12वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से 31 मार्च तक आयोजित की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में 8 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल-
केंद्रीय माध्यामिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू हो रही है. वहीं कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से 21 मार्च 2023 के बीच होगा, जबकि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से 5 अप्रैल 2023 तक चलेंगी. इस वर्ष सीबीएसई की परीक्षा लगभग आठ हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं इसके लिए डीएवी बिष्टुपुर, सेंट मेरीज इंग्लिश स्कूल, विद्या भारती चिन्मय टेल्को, बाल्डविन फार्म एरिया स्कूल समेत आठ स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया.
जैक बोर्ड-
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की बोर्ड परीक्षा 14 मार्च 2023 से शुरू होगी. 10वीं की बोर्ड परीक्षा 14 मार्च से तीन अप्रैल तक चलेगी. वहीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा 14 मार्च से पांच अप्रैल तक चलेगी. इसी के साथ 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल बोर्ड परीक्षाएं दो फरवरी से चार मार्च तक चलेगी. जैक बोर्ड की मैट्रिक व इंटर की परीक्षा के लिए 72 केंद्र बनाए गए हैं. जिसमें लगभग 51 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे. इसके लिए धालभूम अनुमंडल में 45, घाटशिला अनुमंडल में 25 केंद्र बनाए गए है. मैट्रिक में कुल 26 हजार 237 और इंटर में 24 हजार 702 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे.



