अनिल कुमार/ बोकारो : बोकारो रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत 22 किलो गांजा के साथ दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है. आरपीएफ सीआइडी की गुप्त सूचना पर की गयी इस कार्रवाई में पकड़ाये दोनों संदिग्ध लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि अवैध शराब, गांजा या ऐसे और नशीले पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए अपराधी रेलवे को सेफ जोन मान कर चल रहे हैं. हालांकि इन अवैध गतिविधियों से निपटने के लिए ही रेल प्रबंधन स्टेशनों पर ऑपरेशन सतर्क चला रहा है, जिससे ऐसे लोगों पर लगाम लगायी जा सके. इसी क्रम में बोकारो रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत लगभग 22 किलो गांजा के साथ 2 संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है. ऑपरेशन सतर्क के तहत गुप्त सूचना के आधार पर बोकारो स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों में छापामारी की जा रही है. इससे पूर्व भी बोकारो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से अवैध शराब के साथ अपराधी की गिरफ्तारी हो चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
आरपीएफ को गुप्त रूप से सूचना मिली की एलेप्पी एक्सप्रेस से 2 लोग गांजा लेकर आ रहे हैं जो वहां से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से डेहरी जाने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर आरपीएफ ने गहन जांच अभियान चलाया, जिस दौरान 2 दो संदिग्ध लोगों को करीब 22 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया. आरपीएफ ने दोनों को रेल पुलिस को सौंप दिया है. बोकारो रेल थाना प्रभारी रामजी राय ने बताया कि आरपीएफ की सीआइडी टीम ने लगभग 22 किलो गांजा के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा है. उनसे पूछताछ के क्रम में पता चला कि रांची से एलेप्पी एक्सप्रेस से दोनों संदिग्ध व्यक्ति गांजे के साथ बोकारो पहुंचे और वहां से वे दोनों पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से डेहरी जाने वाले थे. उसी क्रम में दोनों को पकड़ा गया है. दोनों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें यह गांजा संबलपुर से लाकर रांची में दिया गया. उसे लेकर वे डेहरी जा रहे थे. गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों में एक रोहतास और दूसरा औरंगाबाद का रहने वाला है. रेल पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया है एवं मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है.




