जमशेदपुर : घाटशिला में होने वाले उपचुनाव में प्रचार जोर पकड़ने वाला है. 11 नवंबर को मतदान होना है, जिसको लेकर सत्ताधारी झामुमो ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. वहीं, भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है. 9 नवंबर तक चुनाव प्रचार होगा, लिहाजा, यह प्रचार अब तेज हो रही है. इस कड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी लगातार 3 नवंबर से लेकर 8 नवंबर तक चुनाव प्रचार करेंगे. इसके लिए कार्यक्रम तय हो गया है. वहीं, स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन का रोड शो भी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 3 नवंबर को मुसाबनी कुइलीसूता मार्शल ग्राउंड में दोपहर 1 बजे, 4 नवंबर को मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन घाटशिला के गालूडीह आंचलिक मैदान में, फिर गुड़ाबांधा सिंहपुरा जयघंटापुर मैदान में सभा को संबोधित करेंगी. इसके बाद 6 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दामपाड़ा गंधाईनी हाट मैदान, 7 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धालभऊमगढ़ नरसिंहगढ़ उच्च विद्यालय और 8 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन साथ में घाटशिला ताम्र प्रतिभा मैदान मऊभंडार में सभा को संबोधित करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
8 नवंबर को कल्पना सोरेन जादूगोड़ा सिद्धू कान्हू चौक, सुरदा क्रासिंग और मुसाबनी बस स्टैंड में रोड शो और नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगी. दूसरी ओर, भाजपा के बाबूलाल सोरेन को जीताने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी दो नवंबर से लगातार चुनाव प्रचार करेंगे. उनका कार्यक्रम आ गया है. दो नवंबर को ही वे भादुआ पंचायत, दंपड़ा मंडल (थाना + प्रखंड – घाटशिला), आदिवासी भूमिज मुंडा महासम्मेलन, जानतोल ग्राउंड, कनास पंचायत, धालमुढ़गढ़ मंडल (थाना + प्रखंड – धालमुढ़गढ़) में पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, बलियापोश फुटबॉल मैदान, फारेस्ट पंचायत, गुड़ाबांदा मंडल (थाना + प्रखंड – गुड़ाबांदा) में पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इन सभी कार्यक्रमों में बाबूलाल मरांडी पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से संवाद करेंगे तथा भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में समर्थन की अपील करेंगे.



