जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के पुराना कोर्ट रोड में शनिवार रात मोबाइल छिनतई की घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया. जानकारी के अनुसार, शंकोसाई रोड नंबर 5 निवासी ऑटो चालक अरुण कुमार अपने परिचित से मिलने साकची पहुंचे थे. इसी दौरान पीछे से एक काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद अरुण ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश तेज रफ्तार में भाग चुके थे. स्थानीय लोगों ने पीछा करने की कोशिश की, पर वे सफल नहीं हो पाए. पीड़ित ने तुरत साकची थाना जाकर घटना के बारे में लिखित शिकायत दर्ज कराई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. पुलिस ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है तथा शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में मोबाइल छिनतई की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि ऐसे गिरोहों पर शीघ्र ही शिकंजा कसा जाएगा.



