
गुड़ाबांदा : बहरागोड़ा विधायक कुणाल षाड़ंगी ने गुड़ाबांदा क्षेत्र का दौरा कर कई योजना का शिलान्यास किया और ग्रामीणों की समस्याओं से रू-ब-रू हुए. वनमाकड़ी पंचायत के हाटमाकड़ी गांव में अनाबाद निधि से 1500 फीट पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया. पक्की सड़क न होने की स्थिति में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इस समस्या से निजात दिलाने के लिए विधायक ने सांसद प्रतिनिधि यशवंत महतो व 20-सूत्री योजना के अध्यक्ष भूषण महतो के साथ इसका शिलान्यास किया. इसके अलावा, कई पीसीसी सड़क योजनाओं का शिलान्यास महिलाओं एवं बुजुर्गों के हाथों करवाया. इस क्रम में सबसे पहले उन्होंने मुड़ाकाटी गांव मे पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया. तत्पश्चात, बालीजुड़ी पंचायत के राणा टोला गांव में कच्ची सड़क से आवागमन में ग्रामीणों को बढ़ती समस्याओं से निजात दिलाने के लिए पीसीसी रोड की योजना को धरातल पर लाते हुए पीसीसी सड़क का स्थानीय बुजुर्गों और महिलाओं के द्वारा शिलान्यास करवाया. दौरे के क्रम में उन्होंने हाथीडहर गांव में पीसीसी सड़क, स्वर्गचिड़ा गांव में पीसीसी पथ और श्मशान शेड का शिलान्यास किया. कुकरीझिझा गांव में एक क्लब भवन का भूमि पूजन भी किया. दौरे के अंत में पाथरडिंगा गांव में उत्क्रमित विद्यालय के सामने पुल का शिलान्यास किया. इस दौरान जिला परिषद सदस्य बेलबती मुर्मू, असित मिश्रा, निर्मल दुबे, सागीर हुसैन, रंजीत शीट, शकीला हेंब्रम, मेघराय हेंब्रम, विनोद बागल, सुनील पेडा, संतोष बेरा, रमाई मुर्मू, खुदीराम मुर्मू समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.




