
जमशेदपुर : झारखंड के मजदूर नेता ओड़िशा के भुवनेश्वर में है. भुवनेश्वर में 27 व 28 सितंबर को 300वां वर्किंग कमेटी मीटिंग चल रहा है. इस मीटिंग में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी और महासचिव राजेंद्र सिंह के अलावा अन्य नेता शामिल हो रहे है. इस सम्मेलन में जमशेदपुर से टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय, जुस्को यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, जमशेदपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय खां, टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव सह यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव नितेश राज समेत अन्य लोग हिस्सा ले रहे है.

इस मीटिंग में 299वीं मीटिंग के मिनट्स को पारित कर दिया गया. इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, राम जेठमलानी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र समेत अन्य दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. कार्यक्रम के दौरान स्वागत चेयरमैन रिसेप्सन कमेटी डॉ आरसी खुंटिया ने किया. इस इंटक के सम्मेलन में इंटक और कांग्रेस के बीच कैसे समन्वय स्थापित किया जाना है, उस पर विचार किया गया. इसके अलावा श्रम कानूनों में हो रहे बदलावों को लेकर राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्यों में किस तरह से विरोध किया जाना है, इस पर भी चर्चा की गयी. श्रम विरोधी कानूनों के साथ संघर्ष के लिए अलग से फंड बनाने पर भी जोर दिया गया. राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम वेतनमान के संशोधन करने, ग्रेच्यूटी एक्ट में किये गये बदलावों, कर्मचारियों के पेंशन और इपीएफ के पेंशन की राशि को बढ़ाने के लिए आने वाले एक साल में किस तरह काम करना है, इस पर भी रणनीति बनायी जायेगी. इस दौरान सदस्यता को भी दुरुस्त किया जायेगा. नये सदस्य बनाने पर जोर होगा जबकि पूर्व में जो कोर्ट में केस पेंडिंग है, उस पर भी विचार होगा.



