
जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मार्ग पर साइकिल और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर हो गयी. इस घटना में पोटका बड़ाबदुआ गांव निवासी लाल महाकुड़ की मौत हो गयी. बीती रात करीब दो बजे की यह घटना है. टाटा हाता मार्ग पर तेतला गांव के पास एक मोटरसाइकिल ने सीधे तौर पर साइकिल सवार को टक्कर मार दी. साइकिल सवार वहीं गिर गया और खून से लथपथ हो गया. चूंकि, देर रात का मामला था, इस कारण मोटरसाइकिल सवार भाग निकला और उसको कोई उठाने वाला नहीं था. थोड़ी देर में एक मोटरसाइकिल सवार ने गाड़ी रोकी और उसको उठाया और परसुडीह के सदर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पायी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.





