जमशेदपुर : सोमवार सुबह मानगो थाना क्षेत्र के एनएच-33 किनारे स्थित चंद्रावतीनगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर दो तेज रफ्तार बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस हादसे में एक बुजुर्ग घायल हो गया. टक्कर के बाद बेकाबू बाइक सवार ने वहीं झाड़ू लगा रही नगर निगम की महिला सफाईकर्मी को भी जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वह भी घायल हो गई. घायल महिला की पहचान हीरा बरवा के रूप में हुई है, जो मानगो उलीडीह की रहने वाली है और मानगो नगर निगम के अंतर्गत सफाई कर्मी है. वह रोज की तरह आज सुबह भी सड़क की सफाई में जुटी थीं कि तभी यह हादसा हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और चालक आपस में आगे निकलने की होड़ में थे. अचानक बैलेंस बिगड़ने से दोनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं. टक्कर के बाद एक बाइक ने सड़क किनारे सफाई कर रही हीरा बरवा को भी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल बुजुर्ग व महिला को तुरत एमजीएम अस्पताल भेजवाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है.
मानगो थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का प्रतीत होता है.



