जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही को उजागर कर दिया. जानकारी के अनुसार होटल सागर गोलचक्कर के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिर गई और पिकअप वैन उसे स्कूटी समेत करीब दो मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पिकअप वैन तथा चालक को पकड़ लिया. इसके बाद चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे में घायल महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. वहीं उनके पति को भी हल्की चोटें आई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है.



