जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कृष्णा ढाबा के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय कुंतल कुमार दास की मौत हो गयी. परसुडीह विद्यासागरपल्ली निवासी कुंतल सुंदरनगर दमयंती स्कूल के रीयूनियन पार्टी से लौट रहा था. उसकी बाइक हाइवा से टक्कराई, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कुंतल की बाइक अनियंत्रित होकर उसमें जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मंगलवार सुबह मृतक के परिजन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेताओं के साथ सुंदरनगर थाने पहुंचे. उन्होंने मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग की. थाना प्रभारी ने बातचीत के बाद परिवार को पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 5 हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क कर मुआवजे पर अंतिम फैसला लेने की बात कही है. झामुमो नेता मिथुन चक्रवर्ती ने हादसे को दुखद बताते हुए प्रशासन से दुर्घटनाओं रोकने के उपाय करने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने सुंदरनगर थाने से नील डुंगरी चौक तक शाम के समय वाहनों की अवैध पार्किंग बंद करने का सुझाव दिया. जादूगड़ा रोड और फ्लावर मिल के सामने बड़ी गाड़ियों की पार्किंग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया.



