
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत वीर कुंवर सिंह चौक के पास तीन सितंबर की रात सड़क दुर्घटना में घायल बागबेड़ा गांधीनगर निवासी सोनू राव की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. सोनू चार दिनों तक कोमा में रहा. मौत की खबर सुनकर बस्तीवासियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. इधर दुर्घटना में घायल निशांत सिंह को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल से रांची के रिम्स रेफर किया गया है जहां डॉक्टरों ने उसका बायां पैर काटने का निर्णय लिया है. वहीं एक अन्य घायल सुनील यादव का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है. इधर सोनू के मौत की खबर सुनने के बाद से उसके परिजन टीएमएच अस्पताल पहुंचे. संभवत आज सोनू के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा. ज्ञात हो कि जुगसलाई स्थित घोड़ा चौक के समीप 3 सितंबर की रात तेज रफ्तार कार जिसे जुगसलाई निवासी हेमंत मित्तल चला रहे थे, ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी. घायलों में सोनू राव, निशांत सिंह और सुनील यादव शामिल थे. घटना के बाद सभी को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहीं रविवार को घायलों के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर थाने में हंगामा भी किया था. मुआवजे की घोषणा के बाद मामला शांत हुआ था. इधर पुलिस ने अब तक आरोपी हेमंत मित्तल को गिरफ्तार नहीं किया है. पुलिस मामले की लीपापोती करने में लगी हुई है. इस मामले को लेकर जुगसलाई थाना में हंगामा हुआ तो फिर पुलिस ने पंचायती कराकर समझौता करा दिया, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया.







