जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर एक्सएलआरआई के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति से आ रहा था. इसी दौरान उसने कार को जोरदार टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)
टक्कर के प्रभाव से कार कई फीट तक घसटती हुई डिवाइडर पर जा चढ़ी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. घटना की सूचना मिलते ही बिस्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीन ड्राइव पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है. लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना किसी बड़े हादसे में भी बदल सकती थी, लेकिन संयोगवश सभी लोग सुरक्षित बच गए.




