जमशेदपुर : बकरीद पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आहूत बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एसडीएम घाटशिला, सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी समेत शांति समिति के सदस्य एवं अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे. बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की गई. उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पर्व के दौरान सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

सिटी एसपी ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा ने कहा कि त्यौहार के शांतिपूर्ण आयोजन में सभी नागरिकों/समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने अपील किया कि शांतिपूर्ण आयोजन में सभी सहयोग करें, सोशल मिडिया माध्यम से किसी भी अपुष्ट खबर को प्रसारित नहीं करें, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, प्रशासन से सत्यापन कराएं. बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने भी पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने एवं प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया.







