जादूगोड़ा : जेएलकेएम नेताओं ने शुक्रवार को भागीरथी हांसदा के नेतृत्व में जमशेदपुर में उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में आसनबनी पंचायत के घोटीडुबा-कुलियाना घाट में बन रही पुलिया के निर्माण में निम्न स्तर का सरिया व घटिया सीमेंट के उपयोग का आरोप लगाते हुए पुल निर्माण के कार्य एवं उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाये गए हैं. ज्ञापन में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना मद से जादूगोड़ा के आसनवनी पंचायत के घोटीडुबा में बन रही उक्त पुलिया के निर्माण में निम्न गुणवत्ता वाली सामग्रियों के प्रयोग, सही मात्रा में गिट्टी, बालू और सीमेंट के मिश्रण प्रयोग नहीं करने के साथ ही एस्टीमेट के साथ कार्य का कोई मेल नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है. ज्ञापन में पुलिया निर्माण में निम्न स्तर के सरिया के उपयोग का आरोप लगाते हुए ऐसे बनी पुलिया के कारण कभी भी लोगों के जान-माल का खतरा उत्पन्न हो जाने की आशंका जताई गई है. पार्टी नेताओं ने उपायुक्त से कार्य में लगे मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दर से भी कम मजदूरी पर काम कराने की शिकायत भी की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल में पार्टी नेता भागीरथी हांसदा (बिल्टू), जिला उपाध्यक्ष विमल महतो, भूदेव महतो, वरिष्ठ नेता फनी महतो, तपन महतो, राजा कालिंदी, उज्ज्वल महतो, नगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष दीपक महतो, युगांतर् महतो आदि शामिल रहे.







