जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थानांतर्गत थीम पार्क गेट के पास बिरसानगर संडे मार्केट निवासी आदर्श सिंह पर हुए कातिलाना हमला के मामले में टेल्को थाना में गुरुवार को हंगामा हुआ. इस दौरान अखाड़ा संचालको ने सीधे तौर पर चेतावनी दे दी है कि अगर हमलावर पकड़े नहीं गए तो वे लोग टेल्को के लेबर ब्यूरो गोलचक्कर पर विसर्जन के दिन सड़क पर बैठ जायेंगे. घायल बिरसानगर जोन नम्बर 9 हनुमान मंदिर कमिटी अखाड़ा का सदस्य है. दो दिन पहले बाइक और स्कूटी से आए दर्जनों युवकों ने चापड़, तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर आदर्श सिंह को अधमरा कर दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
आयान नामक युवक ने मंगलवार शाम में आदर्श को फोन कर पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने थीम पार्क बुलाया. आदर्श अपने दो दोस्तों जोजो और युवराज के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा. जैसे ही वह उतरा, पहले से तैयार बैठे आयान, मारुफ और उनके साथियों ने हमला बोल दिया. पहला वार चापड़ से उसकी गर्दन पर किया गया, जिससे वह गिर पड़ा. इसके बाद तलवार से उसकी पीठ पर कई वार किये गये. इधर, क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने जब शोर सुना, तो वे हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े. भीड़ को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गये. अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.



