जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर एक में डॉ. बदर नर्सिंग होम में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है, जहां अपेंडिक्स का ऑपरेशन कराने पहुंचे एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने नर्सिंग होम परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टर और प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. मृतक के परिजनों के अनुसार, युवक को पेट दर्द की शिकायत के बाद नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था और डॉक्टर द्वारा अपेंडिक्स का ऑपरेशन करने की सलाह दी गई थी. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन से पहले युवक की स्थिति सामान्य थी, लेकिन ऑपरेशन की तैयारी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके तुरंत बाद युवक के मुंह से पानी निकलने लगा और उसकी हालत तेजी से गंभीर हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक की हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टर ने लेजर तकनीक के माध्यम से ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और अधिक खराब हो गई. जब युवक की हालत अत्यंत नाजुक हो गई, तब उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नर्सिंग होम में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की कोशिश भी की. मौके पर पहुंची मानगो थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया. मृतक के परिजनों ने इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत का कारण बताते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उक्त डॉक्टर पर ऑपरेशन के दौरान लापरवाही के आरोप लग चुके हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है.



