रांची / जमशेदपुर : झारखंड की कला और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले जमशेदपुर के सोनारी के युवा कलाकार अर्जुन दास ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में एक विशेष पेंटिंग बनाई. बुधवार की शाम रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने यह पेंटिंग राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेंट की. पेंटिंग देखते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भावुक हो उठे और कलाकार की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा “झारखंड की मिट्टी में अपार प्रतिभा है. अर्जुन दास जैसे युवा कलाकार हमारी संस्कृति और विरासत को सहेज रहे हैं. राज्य सरकार सदैव ऐसे प्रतिभाओं के साथ खड़ी है. (नीचे भी पढ़ें)

कलाकार अर्जुन दास ने इस अवसर पर कहा कि उनके लिए यह पल जीवनभर यादगार रहेगा, स्वर्गीय दिशोम गुरु मेरे लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं. उनकी स्मृति को कला के माध्यम से संजोना मेरे लिए गर्व की बात है. पेंटिंग बनाने के बाद अर्जुन दास ने बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से मिलकर मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जताई थी, जिनकी मदद से मुख्यमंत्री ने बुधवार को अपने कार्यालय बुलाया और सम्मान दिया. कुणाल षाड़ंगी ने भी कलाकार की सराहना करते हुए कहा कि “जमशेदपुर की धरती से निकली प्रतिभाएं आज राज्य की पहचान बन रही हैं. अर्जुन दास ने अपनी कला से झारखंड की अस्मिता और गौरव को जीवंत किया है.



