जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट चौक पर सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान 28 जनवरी की देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाते हुए सोनारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की समानांतर जांच कर रही है. (नीचे भी पढे़ं)
पहले पक्ष की ओर से सोनारी संबलपुरिया निवासी राहुल जाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विसर्जन के दौरान तरूण लाल संघ से जुड़े युवकों ने जानलेवा हमला किया और महिलाओं के साथ छेड़खानी की. इस मामले में सुजल साहू, जयंतो जाल उर्फ शिवा, निखिल, रवि, दिवांशु कर्मकार, आरके महतो, खट्टा, प्रेम, आशीष ठाकुर, तन्नु, सन्नी, पोलटा समेत 20-25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि पूजा विसर्जन के दौरान अचानक हमला किया गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढे़ं)
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से खुंटाडीह बी ब्लॉक निवासी जयंतो जाल ने मामला दर्ज कराया है. इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कलिंगा पूजा समिति से जुड़े युवकों ने जान मारने की नीयत से हमला किया और सिर फोड़ दिया. इस मामले में रोशन सेनापति, ऋषि सेनापति, गुल्लू महानंद, सिद्धार्थ महानंद, सत्यम महानंद, समीर, आर्यन, टन्नी, गोकुल उर्फ राहुल जाल और सुब्रकांत को आरोपी बनाया गया है. सभी आरोपी संबलपुरिया बस्ती के रहने वाले बताए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



