जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी दो भाइयों पर शुक्रवार रात उलीडीह ओपी क्षेत्र में पत्थर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस हमले में दोनों भाई मनीष और गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों के सिर पर चोट लगी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मनीष और गोपाल छठ पूजा का सामान खरीदकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान उलीडीह ओपी क्षेत्र के फुटबॉल मैदान के पास अचानक एक युवक ने पीछे से दोनों भाइयों पर पत्थर से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से दोनों संभल नहीं पाए और उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं. घटना के बाद दोनों के सिर से खून बहने लगा. (नीचे भी पढ़ें)
हमले के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए दोनों के सिर पर पट्टी की. वहीं, घायल दोनों भाइयों का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं है. ऐसे में उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर किस वजह से युवक ने उन पर अचानक हमला किया. घटना को लेकर दोनों भाई हैरान हैं.












