जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा मेन रोड में देर रात हुई मारपीट की घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, पूर्वी घोड़ाबांधा पंचायत के 13 नंबर वार्ड के वार्ड सदस्य राम कर्मकार पर चार असामाजिक तत्वों ने कथित रूप से हमला कर दिया. इस हमले में उनका हाथ टूट गया. घटना के बाद घायल राम कर्मकार को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इलाज के बाद वे देर रात अपने घर लौटे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घोड़ाबांधा स्थित कमफूटा फुटबॉल मैदान और दुर्गा पूजा मैदान के आसपास रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है. क्षेत्र में आए दिन मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब एक जनप्रतिनिधि ही असामाजिक तत्वों के हमले का शिकार हो रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है. लोगों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों में प्रशासन का भय नहीं रह गया है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.







