जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक और अन्य संबंधित कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में कथित धोखाधड़ी और गबन का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है. पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था. बैंक अधिकारियों पर विश्वास करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक लगभग 40 लाख रुपये का निवेश किया. आरोप है कि मकान निर्माण के लिए जब उन्होंने अपनी निवेश राशि निकालने का प्रयास किया, तब बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं. इस पर उन्होंने शाखा प्रबंधक से जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब देने के बजाय अलग-अलग बातें बताकर टाल दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बदल कुमार कुंडू ने बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक न तो उनकी समस्या का समाधान किया गया और न ही उनकी जमा राशि वापस की गई. उन्होंने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों ने उनकी मेहनत की कमाई का गबन किया है. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनकी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है. फिलहाल, इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, गोलमुरी थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.







