जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा प्रदेश समिति के सदस्य देवेंद्र सिंह ने स्थानीय प्रशासन से सोनारी, कदमा की विभिन्न बस्ती क्षेत्रों में जमा कचरे एवं नाले-नालियों की सफाई कराने की मांग की है. बरसात का मौसम शुरू होने एवं जिले में डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर उक्त कार्य कराने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि आज उन्होंने कदमा एवं सोनारी के विभिन्न बस्ती क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्हें कार्मेल जूनियर स्कूल के बगल में जमा कचरे के अंबार, पंचवटी नगर क्षेत्र में जाम नाले-नालियों, कदमा रामनगर, रामजनमनगर क्षेत्र में रोड पर बड़े पैमाने पर बिखरे कचरे का अंबार दिखा, जिसका महीनों से उठाव तक नहीं हो रहा है. क्षेत्र के निवासी ब्रह्मदेव नारायण शर्मा ले मुलाकात होने पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विगत 4 महीने से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है एवं नालियां जाम पड़ी हैं. उन्होंने बताया कि अधिकारियों से कई बार किये जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि विगत 5 सालों से गैर कंपनी क्षेत्रो में साफ सफाई की अव्यवस्था चरम सीमा पर है. सरकारी अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं, जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी हो या मानगो का नगर निगम, वर्तमान में सफाई से कोसों दूर है. जहां-तहां कचरे का अंबार लगा है, जिधर से गुजरने के पहले लोग नाक पर रूमाल बांध कर निकलते हैं. उन्होंने बरसात का समय होने एवं डेंगू मलेरिया इत्यादि बीमारिया फैलने की खबरों के मद्देनजर नगर प्रशासन से उक्त क्षेत्रों में अविलंब कचरा उठाव कराने एवं नाले-नालियों की सफाई कराने की मांग की है.







