जमशेदपुर : भाजपा के बिरसानगर मंडल के मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में मंडल के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ बिरसानगर क्षेत्र की गंभीर बिजली समस्याओं को लेकर बिजली विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया. इन लोगों ने बिजली की समस्या की ओर विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया. बिरसानगर में लगातार बिना सूचना के बिजली काट देना, कई स्थानों पर नंगे तारों के सहारे बिजली आपूर्ति होना, ट्रांसफार्मर की समस्या, तथा जर्जर बिजली खंभों के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
पूरे बिरसानगर क्षेत्र में ऐसी अनेक समस्याएं मौजूद हैं, लेकिन बिजली विभाग द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है. इन जन समस्याओं को देखते हुए मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने बिजली विभाग को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो एक सप्ताह बाद भाजपा बिरसानगर मंडल के सभी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता के साथ जोरदार आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा.







