जमशेदपुर : भीषण गर्मी में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ईया फाउंडेशन की ओर से रविवार को ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कुल 64 यूनिट रक्त संग्रह हुआ. फाउंडेशन के संस्थापक दीपक मिश्रा ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा का कार्य है. गर्मियों में ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे समय में समाज के लोगों का आगे आना बहुत जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने जानकारी दी कि अगले महीने भी फाउंडेशन की ओर से एक और विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. संस्था ने जमशेदपुर के युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं और रक्तदान कर जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दें. शिविर को सफल बनाने में संस्था के सभी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.








