पोटका: प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग रविवार को भी पूरी तरह सक्रिय रहा. इस दौरान तेंतलापोड़ा पंचायत के चारडीहा गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई. शिविर में कुल 31 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें दो लोग मलेरिया से संक्रमित पाए गए. सभी मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पोटका की ओर से नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं. साथ ही उन्हें नियमित दवा लेने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई. पोटका सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बुखार होने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, ताकि समय पर बीमारी की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके.विदित हो कि पिछले 24 घंटे के दौरान चारडीहा गांव में मलेरिया से संक्रमित एक ही परिवार के भाई-बहन की मौत हो गई थी, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर अवस्था में इलाजरत है. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है. गौरतलब है कि करीब पांच माह पूर्व भी पोटका प्रखंड में मलेरिया से आठ लोगों की मौत हो गई थी. लगातार सामने आ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है.











