जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर सोमवार की रात एक लावारिश बुजुर्ग की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, बुजुर्ग कदमा शास्त्रीनगर क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले कई दिनों से डिमना व आसपास के इलाकों में लावारिश हालत में घूमता देखा जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह एमजीएम अस्पताल के गेट के पास बैठा था. इसी दौरान बारिश के बीच अचानक उसके मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों का अनुमान है कि उसकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल के वार्ड ब्वॉय ने बुजुर्ग को स्ट्रेचर के सहारे इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान व मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है.






