जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के केन्दाडीह बैंक के समीप सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के महुलिया निवासी 19 वर्षीय सागर मंडल के रूप में हुई है. वहीं घायलों में गालूडीह बराज कॉलोनी निवासी अमित कालिंदी (22), सुसनीगाड़िया निवासी दीप मुंडा (31) और गोरा मुंडा (28) शामिल हैं. चिकित्सकों के अनुसार गोरा मुंडा की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि दीप मुंडा और अमित कालिंदी के सिर एवं पैर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
घायल गोरा मुंडा ने बताया कि वह दीप मुंडा के साथ अपनी भांजी की शादी का निमंत्रण पत्र देकर मुसाबनी के एक गांव से घर लौट रहे थे. दूसरी ओर अमित कालिंदी और सागर मंडल बाइक से मुसाबनी की ओर घूमने जा रहे थे. इसी दौरान केन्दाडीह बैंक के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल चारों घायलों को केन्दाडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने सागर मंडल को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद एमजीएम अस्पताल में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.





